छपरा: महाशिवरात्रि के मौके पर एक बड़ा हादसा हो गया। छपरा सिवान रेल खंड के महेंद्रनाथ हाल्ट पर मालगाड़ी से कटकर एक महिला श्रद्धालु की दर्दनाक मौत हो गई। महिला शौच कर वापस लौट रही थी, तभी यह हादसा हुआ। मृत महिला की पहचान मीना देवी के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पडरौना की रहने वाली थी। वह अपने परिजनों के साथ बाबा महेंद्रनाथ धाम में जलाभिषेक और पूजा अर्चना करने आई थी। दर्शन के बाद वह परिवार के साथ घर लौटने के लिए प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। जानकारी के अनुसार प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार करते समय मीना देवी शौच के लिए गई थी।
लौटते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह रेलवे ट्रैक पर गिर गई। उसी समय वहां से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। आसपास मौजूद लोग भी सदमे में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय रेल पुलिस और स्टेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया गया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि स्टेशन पर बने दोनों शौचालयों की हालत बहुत खराब है।
वहां बैठना भी मुश्किल है। इसी वजह से श्रद्धालुओं को खुले में शौच जाना पड़ता है। लोगों ने स्टेशन प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बार बार शिकायत के बावजूद सुधार नहीं किया गया। हादसे के बाद मीना देवी की मां और साथ आए परिजन चीख चीख कर रोते रहे। मां ने रोते हुए कहा कि काश आते ही ट्रेन मिल जाती या हम लोग बाबा का दर्शन करने नहीं आते। उन्होंने कहा कि अगर आते ही ट्रेन मिल गई होती तो मेरी बेटी आज जिंदा होती। बताया गया कि पश्चिम दिशा की ओर जाने के लिए आठ घंटे तक कोई ट्रेन नहीं थी। स्थानीय लोगों ने ट्रेन की अनियमितता और शौचालय की बदहाली को हादसे की बड़ी वजह बताया है। लोगों में इस घटना को लेकर काफी नाराजगी है।







