Home मनोरंजन शिवरात्रि पर रजनीकांत के फैन की अनोखी भक्ति, ‘भगवान शिव’ मानकर पहनाई...

शिवरात्रि पर रजनीकांत के फैन की अनोखी भक्ति, ‘भगवान शिव’ मानकर पहनाई वड़ों की माला

107
0
Rajinikanth's fan's unique devotion on Shivratri, garlanded him with vadas as if they were Lord Shiva

एंटरटेनमेंट डेस्क: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मदुरै से एक अनोखी भक्ति और फैन-प्रेम की खबर सामने आई है, जहां सुपरस्टार रजनीकांत के एक प्रशंसक ने उन्हें भगवान शिव का दर्जा देकर विशेष पूजा-अर्चना की। रजनीकांत के कट्टर फैन कार्तिक ने अपने घर में बने छोटे मंदिर में विधि-विधान से पूजा की और भगवान शिव की जगह अभिनेता की तस्वीर स्थापित की।

कार्तिक ने पूजा के दौरान रजनीकांत की फिल्म ‘उझैप्पाली’ में भगवान शिव के रूप में दिखी उनकी तस्वीर का उपयोग किया। उन्होंने पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ आरती, फूल अर्पण और प्रसाद चढ़ाकर पूजा संपन्न की। कार्तिक के अनुसार, यह लगातार तीसरा साल है जब उन्होंने महाशिवरात्रि पर इस तरह की पूजा आयोजित की है। उनके लिए रजनीकांत सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि प्रेरणा, विश्वास और आस्था का प्रतीक हैं।

GNSU Admission Open 2026

इस साल की पूजा को और खास बनाने के लिए कार्तिक ने रजनीकांत के सिनेमा में 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 500 वड़ों से बनी एक विशाल माला तैयार करवाई। इस अनोखी माला को उन्होंने अभिनेता की तस्वीर पर चढ़ाया। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य और आसपास के कुछ लोग भी मौजूद रहे और इस खास पल के साक्षी बने।

रजनीकांत के प्रति इस तरह की भक्ति कोई नई बात नहीं है। दक्षिण भारत में उनके कई प्रशंसक उन्हें भगवान की तरह मानते हैं और उनके नाम पर मंदिर तक बनाए गए हैं। उनकी लोकप्रियता फिल्मों से कहीं आगे बढ़कर लोगों की भावनाओं और आस्था से जुड़ चुकी है।

वर्कफ्रंट की बात करें तो रजनीकांत जल्द ही अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ में नजर आएंगे। इस फिल्म को लेकर उनके फैंस में जबरदस्त उत्साह है और सभी उनकी अगली बड़ी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

GNSU Admission Open 2026