
वैशाली: वैशाली जिला के सहदेई बुजुर्ग थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में इंजरी रिपोर्ट बनाने के नाम पर 40 हजार रुपये की अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। मारपीट में घायल युवक से पैसे लेने के आरोप में दो स्वास्थ्य कर्मियों का तत्काल तबादला कर दिया गया है। इस कार्रवाई को प्रशासन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने तुरंत जांच के आदेश दिए। उनके निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ. श्यामनंदन प्रसाद ने पूरे मामले की जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद सहदेई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात परिवार कल्याण कार्यकर्ता इंद्रजीत कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ताजपुर चेहराकलां भेज दिया गया, जबकि महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिपिक हितेश कुमार सिंह का तबादला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वैशाली कर दिया गया। संबंधित अस्पतालों के प्रभारी को दोनों कर्मियों को तत्काल कार्यमुक्त कर रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है।
घटना आलमपुर गांव निवासी अजय कुमार सिंह से जुड़ी है, जो मारपीट में घायल हो गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर सदर अस्पताल रेफर किया गया। आरोप है कि इंजरी रिपोर्ट तैयार करने के लिए स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद कुछ लोगों ने पैसे की मांग की। एक सुरक्षा गार्ड ने अपने परिचित के माध्यम से घायल से ऑनलाइन 40 हजार रुपये दिलवा दिए, लेकिन इसके बावजूद काम नहीं किया गया।
पीड़ित द्वारा अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और जांच शुरू की गई। जांच में अनियमितता की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की गई। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि मरीजों से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।






