
लाइफस्टाइल: आजकल चमकदार और स्वस्थ त्वचा पाने के लिए लोग महंगे स्किन केयर प्रोडक्ट्स का सहारा लेते हैं, जिनमें केमिकल्स की मात्रा भी काफी होती है। लेकिन अगर आप नेचुरल और घरेलू तरीके से त्वचा की देखभाल करना चाहते हैं, तो आयुर्वेदिक डॉक्टर शोभना अभिनव द्वारा बताया गया देसी घी वाला नुस्खा आपके काम आ सकता है। यह क्रीम घर पर आसानी से बनाई जा सकती है और त्वचा को नेचुरल ग्लो देने में मदद करती है।
आयुर्वेद के अनुसार देसी घी त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। यह रूखी और बेजान त्वचा को गहराई से पोषण देता है, त्वचा की नमी बनाए रखता है और डेड स्किन सेल्स को हटाने में सहायक होता है। देसी घी में मौजूद पोषक तत्व झुर्रियों को कम करने और त्वचा को मुलायम बनाने में मदद करते हैं। इसके साथ एलोवेरा जेल त्वचा को ठंडक देता है, जलन को शांत करता है और हाइड्रेशन बढ़ाता है। नारियल तेल त्वचा की प्राकृतिक नमी को लॉक करता है, जबकि गुलाब जल त्वचा को फ्रेश और टोन करने में मदद करता है।
इस घरेलू क्रीम को बनाने के लिए एक प्लेट या कटोरी में जरूरत के अनुसार देसी घी लें। इसमें एलोवेरा जेल, नारियल तेल और गुलाब जल मिलाएं। अब सभी सामग्री को अच्छी तरह गोल-गोल मिलाएं, जब तक कि एक स्मूद और सफेद रंग की क्रीम तैयार न हो जाए। यह क्रीम पूरी तरह नेचुरल होती है और इसे रोजाना इस्तेमाल किया जा सकता है।
डॉ. शोभना के अनुसार, इस क्रीम को नहाने के बाद बॉडी मॉइस्चराइजर की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। नियमित उपयोग से त्वचा में नेचुरल चमक आती है, ड्राई स्किन की समस्या कम होती है और स्किन लंबे समय तक हाइड्रेटेड महसूस करती है। साथ ही त्वचा सॉफ्ट, फ्रेश और हेल्दी नजर आने लगती है।
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो पर आधारित है। किसी भी घरेलू नुस्खे को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है।)






