
पटना/नई दिल्ली: बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौजूदा मुख्यमंत्री Nitish Kumar के इस्तीफे और नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, सत्ता परिवर्तन का पूरा खाका लगभग तैयार माना जा रहा है, जिस पर अंतिम मुहर जल्द लग सकती है। जानकारी के अनुसार, 6 अप्रैल को मुख्यमंत्री आवास पर जेडीयू की राज्य कार्यकारिणी की बैठक प्रस्तावित है।
इसके बाद 9 अप्रैल को Nitish Kumar दिल्ली जाएंगे, जहां वे पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठकों में हिस्सा लेंगे। दिल्ली प्रवास के दौरान 9 अप्रैल की शाम केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah के साथ उनकी अहम मुलाकात प्रस्तावित है। राजनीतिक हलकों में इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां बिहार में संभावित सत्ता परिवर्तन को लेकर रणनीति तय हो सकती है। सूत्रों के अनुसार, 10 अप्रैल को Nitish Kumar राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले सकते हैं। इसी दिन उनकी प्रधानमंत्री Narendra Modi से भी मुलाकात की संभावना जताई जा रही है। दिल्ली से लौटने के बाद 11 अप्रैल को पटना में राजनीतिक हलचल और तेज होगी।
12 या 13 अप्रैल को एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई जा सकती है, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। यही नेता बिहार का अगला मुख्यमंत्री होगा। सूत्रों के मुताबिक, 14 अप्रैल को Nitish Kumar मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद 18 अप्रैल से पहले नई सरकार के गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी लगातार बैठकों और राजनीतिक गतिविधियों के बीच यह स्पष्ट है कि बिहार की राजनीति एक बार फिर बड़े बदलाव के दौर से गुजरने वाली है। अब सबकी नजरें दिल्ली और पटना में होने वाली इन अहम बैठकों पर टिकी हैं, जहां आने वाले दिनों में राज्य की सत्ता का नया चेहरा सामने आ सकता है।






