इंफाल। भारतीय जनता पार्टी भाजपा की मणिपुर में चुनी हुई सरकार को बहाल करने पर चर्चा के लिये मंगलवार को एक बैठक हो सकती है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी संसदीय बोर्ड ने श्री तरुण चुघ को मणिपुर में भाजपा विधानमंडल दल के नेता के चुनाव की देखरेख के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, जो नयी सरकार के गठन की तैयारी में एक औपचारिक कदम है। भाजपा नेता ने कहा कि विधायक पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से निर्देशों का इंतज़ार कर रहे थे। हालांकि, उन्हें बाद में बताया गया कि सरकार गठन पर चर्चा के लिए आज एक बैठक हो सकती है। ज़्यादातर राजग विधायक राष्ट्रीय राजधानी में डेरा डाले हुए हैं। बैठक में नेतृत्व के विकल्पों और अन्य प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है और सरकार बनाने में एक निर्णायक कदम के तौर पर इस पर बारीकी से नज़र रखी जा रही है। मणिपुर में लंबे समय तक राजनीतिक अनिश्चितता और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों के बाद 13 फरवरी, 2025 को राष्ट्रपति शासन लगाया गया था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ए शारदा ने पार्टी की जल्द ही सरकार बनने की उम्मीद जतायी है।







