
पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने सोमवार को राज्य बजट 2026 से पहले सरकार की प्राथमिकताओं और दिशा को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ बिहार की जनता के कल्याण के लिए काम कर रही है और आगामी बजट में नई सरकार की नई पहलें साफ तौर पर देखने को मिलेंगी। पत्रकारों से बातचीत में विजय सिन्हा ने विधानसभा की कार्यवाही को शांतिपूर्ण और सकारात्मक माहौल में संचालित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सदन में सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण रहेगा और सरकार सेवा भावना के साथ जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाएगी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार के हर नागरिक के आत्मसम्मान को बढ़ाना और विकास को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने भरोसा जताया कि बजट में शिक्षा, रोजगार, बुनियादी ढांचे और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे राज्य के समग्र विकास को गति मिलेगी।
विजय सिन्हा ने केंद्रीय बजट 2026-27 की भी जमकर सराहना की। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन की मजबूत नींव बताया। सिन्हा ने कहा कि यह बजट युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीब वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित है और इससे देश को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।
उन्होंने केंद्रीय बजट में प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, समर्पित माल ढुलाई कॉरिडोर और राष्ट्रीय जलमार्गों की योजनाओं को ऐतिहासिक बताया। विजय सिन्हा के मुताबिक, इन परियोजनाओं से न सिर्फ देश की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।
डिप्टी सीएम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार को विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे ले जाने के लिए काम कर रही हैं। आने वाला राज्य बजट बिहार के भविष्य की दिशा तय करने वाला साबित होगा और इससे राज्य में विकास की नई रफ्तार देखने को मिलेगी।






