नयी दिल्ली: 1 फरवरी से देश में कई अहम बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जो सीधे आम लोगों की जिंदगी और उनकी जेब पर असर डालेंगे। इसी दिन वित्त वर्ष 2026-27 के लिए केंद्रीय बजट भी पेश किया जाएगा। इसके साथ ही कुछ नियम और रेट बदलने से आपकी रोजमर्रा की जरूरतों और खर्चों पर असर पड़ेगा। आइए जानते हैं मुख्य बदलाव:
1. LPG सिलेंडर के दाम
हर महीने की पहली तारीख को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां LPG सिलेंडर के नए रेट लागू करती हैं। 1 फरवरी 2026 से घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर के रेट भी अपडेट होंगे। पिछले कुछ महीनों में 19 किलों वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया है, जनवरी में 14.50 रुपये की कटौती हुई थी। फरवरी में घरेलू सिलेंडर की कीमतों में राहत या बढ़ोतरी हो सकती है, जिसका असर रसोई के बजट पर पड़ेगा।
2. CNG, PNG और ATF रेट में बदलाव
LPG के साथ-साथ 1 फरवरी से CNG, PNG और एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतें भी बदल सकती हैं। सीएनजी और पीएनजी महंगी होने पर कार चालकों को ज्यादा खर्च करना पड़ेगा, जबकि ATF की बढ़ती कीमतें फ्लाइट किराए पर भी असर डाल सकती हैं।
3. पान-मसाला, सिगरेट और तंबाकू महंगे
1 फरवरी से पान-मसाला, सिगरेट और तंबाकू पर टैक्स बढ़ने की संभावना है। यह टैक्स जीएसटी से अलग होगा, जिससे इन उत्पादों की कीमत बढ़ जाएगी और इन्हें खरीदना पहले से महंगा हो जाएगा।
4. FASTag यूजर्स के लिए राहत
NHAI के नए नियमों के तहत अब कार, जीप और वैन के लिए FASTag लेने पर अलग से KYC कराने की जरूरत नहीं होगी। बैंक वाहन से जुड़े सभी टेस्ट पहले ही पूरा करेंगे। जिनके पास पहले से FASTag है, उन्हें बार-बार वेरिफिकेशन कराने की जरूरत नहीं होगी।
5. बैंकिंग कामकाज पर ध्यान दें
फरवरी में कुछ खास दिनों पर बैंक बंद रह सकते हैं। जरूरी काम निपटाने से पहले छुट्टियों की लिस्ट देख लें, ताकि परेशानी न हो।
ये बदलाव आम लोगों के जीवन में असर डालेंगे, इसलिए 1 फरवरी से पहले तैयारी कर लेना फायदेमंद रहेगा।







