नई दिल्ली; आईसीसी ने साफ कर दिया है कि 2026 टी-20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा और बांग्लादेश को अपने सभी मैच भारत में ही खेलने होंगे। हालांकि, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को भारत में खेलने से इनकार पर दोबारा विचार करने के लिए एक दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है। आज, 22 जनवरी को यह फैसला होगा कि बांग्लादेश टूर्नामेंट में हिस्सा लेगा या नहीं।आईसीसी बोर्ड की बैठक में 16 में से 14 सदस्य देशों ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के रुख के खिलाफ मतदान किया। केवल पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन किया। बैठक के बाद आईसीसी ने स्पष्ट किया कि यदि बांग्लादेश भारत आकर टूर्नामेंट खेलने से इनकार करता है, तो उसे प्रतियोगिता से बाहर कर दिया जाएगा और उसकी जगह किसी अन्य टीम को शामिल किया जाएगा।
आईसीसी ने बताया कि सुरक्षा आकलन (सिक्योरिटी असेसमेंट) में यह सामने आया है कि भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों, मीडिया कर्मियों, अधिकारियों और प्रशंसकों को किसी भी तरह का खतरा नहीं है। इसी वजह से वेन्यू बदलने का कोई सवाल ही नहीं उठता। अगर बांग्लादेश टी-20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेता है, तो उसकी जगह स्कॉटलैंड की टीम को टूर्नामेंट में शामिल किया जाएगा। स्कॉटलैंड ने यूरोपियन क्वालिफायर में नीदरलैंड और इटली के बाद तीसरा स्थान हासिल किया था। ऐसे में स्कॉटलैंड को ग्रुप-सी में जगह मिलेगी और वह बांग्लादेश के निर्धारित सभी मुकाबले खेलेगी।
गौरतलब है कि बांग्लादेश को वर्ल्ड कप के ग्रुप-सी में रखा गया है। उसके तीन ग्रुप मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में होने हैं, जबकि आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबला मुंबई में खेला जाना है। यदि बांग्लादेश र्टूर्नामेंट से हटता है, तो इन्हीं सभी वेन्यू पर स्कॉटलैंड की टीम मुकाबले खेलेगी।







