Home बिहार गीता घाट कॉलोनी की समस्याओं का होगा स्थाई निदान

गीता घाट कॉलोनी की समस्याओं का होगा स्थाई निदान

203
0
There will be a permanent solution to the problems of Geeta Ghat Colony

सासाराम (रोहतास): रोहतास जिले के सासाराम शहर स्थित गीता घाट कॉलोनी में लंबे समय से चली आ रही बुनियादी समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों में व्याप्त नाराजगी के बीच शनिवार को सासाराम की विधायक स्नेहलता ने क्षेत्र का दौरा किया और हालात का जायजा लिया। इस दौरान कॉलोनी में जलजमाव, नाली व्यवस्था, छठ घाट की अनुपलब्धता सहित अन्य जनसमस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों ने अपनी बात विधायक के समक्ष रखी।

जिले की स्वच्छता आइकॉन डॉ. मधु उपाध्याय ने विधायक को बताया कि बरसात के दिनों में गीता घाट कॉलोनी में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित होता है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कॉलोनी की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। इस अवसर पर मोहल्लेवासियों ने छठ पर्व के दौरान नहर में स्थायी छठ घाट नहीं होने की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। लोगों का कहना था कि हर वर्ष छठ व्रतियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है और अस्थायी व्यवस्था के कारण श्रद्धालुओं की सुरक्षा भी खतरे में रहती है। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में अपनी मांगों से जुड़ा एक लिखित मांग पत्र विधायक को सौंपा। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक स्नेहलता ने आश्वासन दिया कि गीता घाट कॉलोनी की समस्याओं का स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

GNSU Admission Open 2026

उन्होंने कहा कि छठ घाट की समस्या को जल्द ही दूर कर लिया जाएगा, ताकि आने वाले पर्वों में व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने बताया कि पूरे शहर में जल निकासी को लेकर एक व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया गया है, जिसके तहत चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थानीय समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की बुनियादी सुविधाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर जिले की स्वच्छता आइकॉन डॉ. मधु उपाध्याय ने भी शहरवासियों को हो रही समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि स्वच्छता और जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था से ही शहर को स्वस्थ और सुरक्षित बनाया जा सकता है।

GNSU Admission Open 2026