Home बिहार बिहार में माफिया का दुस्साहस: शराब कारोबारियों के हमले में दारोगा समेत...

बिहार में माफिया का दुस्साहस: शराब कारोबारियों के हमले में दारोगा समेत 4 पुलिसकर्मी घायल

171
0
Mafia's audacity in Bihar: 4 policemen including a sub-inspector injured in attack by liquor traders

छपरा: बिहार के सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में सब-इंस्पेक्टर गुंजन कुमार समेत चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए व्यापक छापेमारी शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गंडक नदी के दियारा क्षेत्र स्थित मुड़वा गांव में बड़े पैमाने पर अवैध शराब की बिक्री हो रही है और वहां कई लोग शराब पीने के लिए इकट्ठा हैं। इसी सूचना पर एसआई गुंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम देर रात छापेमारी करने पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया। इसी दौरान आरोपियों ने ‘चोर-चोर’ का शोर मचाकर ग्रामीणों को भड़का दिया और पुलिसकर्मियों को चारों ओर से घेर लिया।

GNSU Admission Open 2026

भीड़ ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से पुलिस पर हमला कर दिया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस टीम को किसी तरह मौके से जान बचाकर निकलना पड़ा। हमले में एसआई गुंजन कुमार, सिपाही उपेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार और चौकीदार राजेश मांझी घायल हो गए। सभी को पानापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से एसआई को गंभीर हालत में छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद पुलिस ने 25 नामजद और दर्जनों अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई थानों की पुलिस संयुक्त रूप से अभियान चला रही है।

सारण जिला लंबे समय से शराब माफियाओं के प्रभाव में रहा है। पुलिस रिकॉर्ड बताते हैं कि पिछले दो वर्षों में माफियाओं द्वारा पुलिस पर सौ से अधिक हमले हो चुके हैं, जिनमें कई बार फायरिंग भी हुई है। गंडक के दियारा क्षेत्र की दुर्गम भौगोलिक स्थिति अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन गई है, जो पुलिस के लिए बड़ी चुनौती साबित हो रही है। इस ताजा घटना ने एक बार फिर बिहार में कानून-व्यवस्था और पुलिस की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

GNSU Admission Open 2026