
सहरसा: सहरसा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पति-पत्नी के बीच हुए मामूली विवाद ने एक विवाहिता की जान ले ली। बिहरा थाना क्षेत्र में मछली बनाने को लेकर हुए झगड़े के बाद एक महिला ने जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान बिहरा थाना क्षेत्र के सिहौल वार्ड नंबर एक निवासी सरोज कुमार की 27 वर्षीय पत्नी अनीता देवी के रूप में हुई है। यह घटना 12 जनवरी की बताई जा रही है। मृतका के देवर अनोज कुमार ने बताया कि उनके भाई सरोज कुमार सुबह मछली खरीदकर घर लाए थे। उन्होंने पत्नी अनीता से मछली बनाने को कहा, लेकिन अनीता ने इससे इनकार कर दिया।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे बढ़ते हुए हाथापाई तक पहुंच गई। उस वक्त घर में मौजूद सास-ससुर और देवर ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। विवाद के बाद सरोज कुमार घर से बाहर चले गए। सास जीविका की बैठक में शामिल होने चली गईं और देवर भी अपने काम पर निकल गए। घर में अकेली रह गई अनीता ने गुस्से में आकर गेहूं में डालने वाली कीटनाशक सल्फास की गोली खा ली। शाम के समय जब अनीता को उल्टियां होने लगीं, तब परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। परिजन आनन-फानन में अनीता को पंचगाछिया के एक निजी क्लिनिक ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
इसके बाद उसे सहरसा शहर के सूर्या हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, अनीता और सरोज ने तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों का एक साल का बेटा भी है। अनीता का मायका सुपौल जिले के गढ़बरुआरी में है। इस घटना के बाद एक साल के मासूम बच्चे के सिर से मां का साया उठ गया, जिससे पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर सहरसा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिलहाल पुलिस को इस मामले में कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है, लेकिन जरूरी कागजी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।






