वैशाली: बिहार के वैशाली जिले के जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में बर्थडे पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापामारी की और अवैध हथियार के साथ नौ युवकों को गिरफ्तार किया। थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा ने बताया कि सूचना मिली थी कि राघोपुर पूर्वी स्थित मंगल राय के घर पर उनके पुत्र कुंदन कुमार द्वारा कुछ युवकों के साथ बर्थडे पार्टी आयोजित की जा रही है, जिसमें अवैध हथियार से फायरिंग हो रही है।
इसके बाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घर की घेराबंदी की गई और पहली मंजिल पर मौजूद नौ युवकों को पकड़ा गया। पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान किसी ने फायरिंग की जिम्मेदारी नहीं ली। नाम पूछने पर युवकों ने अपनी पहचान विकास कुमार, दिलीप कुमार, अजय राय, नरेश पोद्दार, रिंटू कुमार, अनिल कुमार, राजगीर कुमार, सुजीत कुमार और धर्मेंद्र कुमार के रूप में बताई। तलाशी के दौरान विकास कुमार के पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ, जिसे अनलोड करने पर खाली पाया गया। साथ ही एक पैकेट से छह जिंदा कारतूस और एक मिस फायर कारतूस भी मिला।
बरामद हथियार और कारतूस के संबंध में वैध कागजात मांगे जाने पर विकास कुमार कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद सभी नौ युवकों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके परिजनों को सूचना दी गई। आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अवैध हथियार रखने, हर्ष फायरिंग करने और शांति भंग करने के आरोप में मंगल राय और कुंदन कुमार के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। बरामद देसी कट्टा, छह कारतूस और मिस फायर गोली को जब्त कर लिया गया है।







