Bangladeshi intruder enters India, traps Bihar girl; police arrest him

नवादा: सोशल मीडिया के जरिए प्रेम जाल, अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़ा एंगल और महीनों चली पुलिस की तलाश—कौआकोल थाना क्षेत्र का यह मामला किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। बिहार पुलिस ने आखिरकार एक बांग्लादेशी घुसपैठिए को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने इंस्टाग्राम पर फर्जी पहचान बनाकर एक नाबालिग लड़की को बहलाया-फुसलाया और उसे अगवा कर फरार हो गया था।

आरोपी की पहचान जहीरुल इस्लाम के रूप में हुई है, जो बांग्लादेश के रहने वाले हारमुज अली का बेटा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार जहीरुल इस्लाम असम के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था। भारत आने के बाद उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाई और इसी के जरिए बिहार के नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के पाली गांव की 14 वर्षीय नाबालिग लड़की से संपर्क साधा।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और आरोपी ने लड़की को प्रेम जाल में फंसा लिया। कुछ समय बाद जहीरुल इस्लाम नवादा पहुंचा और लड़की को मिलने के लिए बुलाया। मौका मिलते ही वह नाबालिग को अपने साथ लेकर फरार हो गया। दोनों असम के नागांव जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास एक इलाके में जाकर रहने लगे। जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि जहीरुल इस्लाम का नाम पहले से ही स्थानीय थाने में बांग्लादेशी घुसपैठियों की सूची में दर्ज था।

लड़की के अचानक लापता होने के बाद उसके परिजनों ने 18 फरवरी 2025 को कौआकोल थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया। केस दर्ज होते ही पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। करीब आठ महीने तक चली लगातार तलाश के बाद 15 अक्टूबर 2025 को कौआकोल पुलिस ने असम के नागांव जिले के कछुआ थाना क्षेत्र के खेरनी मजगांव में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास एक झुग्गी-झोपड़ी से नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया।

बरामदगी के बाद न्यायालय में लड़की का बयान दर्ज कराया गया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। हालांकि, उस समय आरोपी जहीरुल इस्लाम फरार होने में कामयाब हो गया था। इसके बाद से ही पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

लगातार खुफिया सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आखिरकार पुलिस को सफलता मिली। कौआकोल पुलिस ने नवादा के 3 नंबर बस स्टैंड से जहीरुल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और उससे आगे की पूछताछ जारी है।

पुलिस अब इस मामले में आरोपी के नेटवर्क, अवैध घुसपैठ के रास्तों और सोशल मीडिया के जरिए नाबालिगों को फंसाने के तरीकों की भी जांच कर रही है। यह मामला न सिर्फ सीमा सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है, बल्कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग और नाबालिगों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करता है।