Home बिहार किराना दुकान की आड़ में नशे का धंधा, मनेर पुलिस की छापेमारी...

किराना दुकान की आड़ में नशे का धंधा, मनेर पुलिस की छापेमारी में गांजा-नकदी बरामद

184
0
Drug trade operating under the guise of a grocery store; Maner police raid seizes marijuana and cash

पटना: पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत सादिकपुर गांव में किराना स्टोर की आड़ में चल रहे गांजा कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर मनेर पुलिस ने शुक्रवार देर रात छापेमारी कर एक किराना दुकानदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से सवा किलो गांजा, 150 पीस चिलम, 450 पीस गोगो (सिगरेट की तरह) और 27 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद पूरे गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

पुलिस को स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी कि सादिकपुर गांव में एक किराना स्टोर की आड़ में अवैध रूप से गांजा बेचा जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के निर्देश पर एसआई अफसर अली के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई और शुक्रवार रात छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने किराना स्टोर की बारीकी से तलाशी ली। काफी खोजबीन के बाद पुलिस को अनाज की बोरियों के अंदर छिपाकर रखा गया करीब सवा किलो गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही 150 पीस चिलम, 450 पीस गोगो और 27 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए। पुलिस ने इस मामले में किराना स्टोर संचालक और गांजा विक्रेता नागेंद्र यादव को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

GNSU Admission Open 2026

बताया जाता है कि नागेंद्र यादव, सादिकपुर गांव निवासी स्वर्गीय जय किशन यादव का पुत्र है और वह लंबे समय से गांव में किराना स्टोर चला रहा था। आरोप है कि वह दुकान की आड़ में काफी समय से गांजा बेचने का धंधा कर रहा था। इस संबंध में मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में गांजा, चिलम, गोगो और नकद रुपये बरामद किए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर मनेर थाना लाया गया है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सादिकपुर गांव में किराना स्टोर की आड़ में चल रहे नशे के कारोबार को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।




GNSU Admission Open 2026