
कटिहार: नए साल के मौके पर भी कटिहार में अपराधियों का तांडव देखने को मिला। अपराधियों ने बीच बाजार में अंधाधुंध फायरिंग करते हुए एक शख्स को मौत के घाट उतार दिया। कुरसेला थाना क्षेत्र के एसएच 77 स्थित शहीद चौक की घटना है। बाइक सवार दो अपराधियों ने शिव मंदिर के पास बीच चौराहे पर कार में बैठ रहे एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद अपराधियों ने दो राउंड हवाई फायरिंग की। फिर हथियार लहराते हुए थाने की ओर फरार हो गए। अपराधियों ने छह गोलियां चलाई। मृतक की पहचान सागर झा उर्फ मिट्टू झा (30) के तौर पर हुई, जो कटरिया के रहने वाले थे। अपराधियों ने सागर झा पर बेहद नजदीक से तीन गोलियां दागीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज से कुरसेला बाजार दहल गया। दुकानदारों ने डर से शटर गिरा दिया। दिनदहाड़े गोली चलने की आवाज से पूरे कुरसेला चौक पर अफरा-तफरी हो गया।
भय और दहशत के माहौल में व्यापारियों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कर दीं। स्टेट हाईवे 77 और एनएच 31 पर कुछ देर के लिए बाधित हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, सागर झा उर्फ मिट्टू झा अपनी एक साल की जाह्नवी के जन्मदिन के मौके पर केक खरीदने के लिए गुप्ता होटल आए थे। उनके साथ भगनी सानिया और भाई गौरव झा मौजूद थे। होटल में नाश्ता करने के बाद केक का ऑर्डर देकर वे कार में बैठने जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने कार का आगे का गेट खोला, तभी थाने की ओर से बाइक पर सवार दो अपराधी कार के पास पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हत्या के बाद अपराधियों ने दो राउंड आसमानी फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत और बढ़ गई। इसके बाद वे थाना की दिशा में फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अपराधी ओझल हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही कुरसेला थाने की पुलिस और थानाध्यक्ष राकेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया।
घटनास्थल से एक पिस्टल और छह खोखा बरामद किया गया। पुलिस ने पूरे इलाके को रिबन लगाकर सील कर दिया। अब आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। घटना के बाद से पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। मृतक के भाई गोरव झा ने बताया कि कटरिया गांव से केक खरीदने के लिए गुप्ता होटल आए थे। नास्ता के बाद केक का रुपए कटा रहा था। सागर झा कार में बैठने गया था। इसी बीच गोली फायरिंग की आवाज सुन कर कार के पास पहुंचे तब तक अपराधी फरार हो गए थे। इस घटना से कुरसेला परिक्षेत्र में पुलिस व्यवस्था पर गोलीबारी की घटना से आम लोगों में दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। डीएसपी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि कटरिया निवासी सागर झा उर्फ मिट्ठू झा कुरसेला बाजार आए थे। कार के पास अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी। पुलिस टीम गठित कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।






