Home बिहार सक्कडी–नासरीगंज सड़क बनी मौत का हाईवे, गड्ढों में हिचकोले खाती जिंदगी

सक्कडी–नासरीगंज सड़क बनी मौत का हाईवे, गड्ढों में हिचकोले खाती जिंदगी

186
0
The Sakkadi-Nasriganj road has become a highway of death, life jolts through potholes.

आरा: बिहार में सक्कडी-नासरीगंज SH-81 ‘मौत का हाईवे’ बन गया है। 3-4 फीट गहरे गड्ढों में यहां जिंदगी हिचकोले खा रही है। भोजपुर जिले को नासरीगंज से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण राजकीय राजमार्ग (SH-81) इन दिनों जानलेवा बन चुका है। संदेश प्रखंड के रेपुरा गांव के पास सड़क का अस्तित्व लगभग समाप्त हो गया है और उसकी जगह बड़े-बड़े खौफनाक गड्ढों ने ले ली है। स्थिति इतनी भयावह है कि सड़क पर 4 फीट तक गहरे गड्ढे उभर आए हैं, जिनमें गंदा पानी भरा रहता है।

भारी वाहन और ट्रक इन गड्ढों में फंसकर पलटने की कगार पर पहुंच जाते हैं। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की बार-बार की गुहार के बाद भी सड़क निर्माण विभाग और प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। रेपुरा गांव के समीप सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क के किनारे जमा पानी के रिसाव ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। ट्रक चालकों का कहना है कि वे अपनी जान हथेली पर रखकर यहां से गुजरते हैं। गड्ढों की गहराई का अंदाजा न होने के कारण आए दिन गाड़ियां खराब हो रही हैं या दुर्घटनाग्रस्त हो रही हैं। हजारों लोगों की लाइफलाइन कहे जाने वाले इस एसएच (SH) की मरम्मत न होना प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करता है।

GNSU Admission Open 2026

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने सिर्फ चुप्पी साध रखी है। सड़क के जर्जर होने से आसपास के मकानों पर भी खतरा मंडराने लगा है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। सड़क की खराब हालत के कारण नासरीगंज और सक्कड़ी के बीच का संपर्क धीमा हो गया है। ट्रक चालकों के अनुसार, जो सफर मिनटों में तय होना चाहिए, उसमें घंटों लग रहे हैं। अगर जल्द ही इस सड़क का निर्माण नहीं कराया गया, तो ये क्षेत्र पूरी तरह से मुख्यधारा से कट सकता है और स्थिति और भी भयावह हो सकती है।

GNSU Admission Open 2026