सहरसा: बिहार के सहरसा जिले में अपराधियों का हौसला बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटों के भीतर जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना काशनगर थाना क्षेत्र की है, जहां जमीन विवाद में एक किसान को गोली मारी गई। वहीं दूसरी घटना सिमरी बख्तियारपुर के कनरिया थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान आपसी विवाद में एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया। दोनों घायलों में एक का इलाज सहरसा सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि दूसरे को निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है।
सहरसा के काशनगर थाना इलाके के अरसी गांव में 45 वर्षीय किसान दिलीप यादव उस समय निशाना बने जब वह एक समारोह से खाना खाकर घर लौट रहा था। पीड़ित के अनुसार, घर से केवल 500 मीटर की दूरी पर गांव के ही नीतीश यादव ने उसे रोका और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में एक गोली दिलीप के बाएं पैर के आर-पार लगी। घटना के पीछे पुराना जमीन विवाद बताया जा रहा है। घायल को पहले सोनबरसा राज पीएचसी ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस निरीक्षक बैजू शर्मा ने बताया कि गश्ती के दौरान सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
दूसरी घटना सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल के कनरिया थाना अंतर्गत मुरलाडीह गांव में हुई। यहां कोसी दियारा क्षेत्र के धनुपुरा पंचायत निवासी घनश्याम चौधरी अपने ससुराल आए हुए थे। बुधवार शाम गांव में हल्दी की रस्म के दौरान टेंट में बैठे घनश्याम की गांव के ही मनीष यादव से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि मनीष यादव ने पिस्टल निकालकर घनश्याम के दाहिने पैर के घुटने में गोली मार दी। गोली चलने के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई, और आरोपी मनीष यादव मौके से फरार हो गया। परिजनों ने घायल को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया। इन दोनों घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय और अलर्ट है। कनरिया थानाध्यक्ष गुंजन कुमार ने बताया कि घटनास्थल की जांच की गई है और आरोपी मनीष यादव के घर पर छापेमारी की जा रही है। उधर, काशनगर मामले में भी पुलिस ने जल्द ही आरोपी नीतीश यादव की गिरफ्तारी का दावा किया है।







