Home बिहार बिहार में बेटी की शादी से पहले लाखों की चोरी, पुलिस ने...

बिहार में बेटी की शादी से पहले लाखों की चोरी, पुलिस ने जांच तेज की

279
0
Lakhs stolen before daughter's wedding in Bihar, police intensify investigation

सहरसा: सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। दोनों ही मामलों में घर के सदस्य शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे। पहली घटना में चोरों ने बेटी की शादी के लिए जुटाए गए करीब 6 लाख रुपये के जेवर और नकद राशि चोरी कर ली। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी की पहली घटना सदर थाना इलाके के हटियागाछी में हुई। हटियागाछी निवासी रजनी देवी (स्व. सुदाम चौधरी की पत्नी) ने बताया कि 24 नवंबर को उनकी बहन की बेटी की शादी सिमरी बख्तियारपुर में थी।

सोमवार शाम को घर के सभी सदस्य ताला बंद करके शादी समारोह में शामिल होने गए थे। मंगलवार दोपहर जब रजनी देवी घर लौटीं, तो देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर के कमरों में रखे गोदरेज व ट्रंक भी टूटे हुए थे। रजनी देवी ने बताया कि उनकी बेटी की शादी दो महीने बाद होनी थी। इसके लिए उन्होंने करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बनवाकर घर में रखे थे। इसके अलावा महिला समूह से 1 लाख रुपये नकद कर्ज भी घर में रखा हुआ था। चोरों ने कुल 6 लाख रुपये मूल्य के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की दूसरी घटना सदर थाना क्षेत्र के पटेल नगर पथ पर स्थित काली निवास भारत नामक मकान में हुई।

GNSU Admission Open 2026

मकान में किराए पर रहने वाले जय कृष्ण कुमार, मूल रूप से खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, ने बताया कि वह 23 नवंबर की रात करीब 10 बजे एक शादी समारोह में शामिल होने मधेपुरा गए थे। जब वह आज वापस लौटे, तो देखा कि उनके घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और चोरों ने उनके मोबाइल, लैपटॉप और अन्य जरूरी सामान चोरी कर लिया। दोनों ही मामलों की शिकायत पीड़ित परिवारों ने सहरसा सदर थाने में की। सदर थाने के सब इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने दोनों घटनाओं की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि अज्ञात चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



GNSU Admission Open 2026