Home बिहार ईवीएम की फोटो-वीडियो वायरल करने पर दो युवकों पर FIR, साइबर टीम...

ईवीएम की फोटो-वीडियो वायरल करने पर दो युवकों पर FIR, साइबर टीम जांच में जुटी

260
0
FIR lodged against two youths for making EVM photos and videos viral, cyber team engaged in investigation

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले में विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। इस मामले में जिले की साइबर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जानकारी के अनुसार, यह मामला सकरा और बरूराज विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ा है। साइबर थाना मुजफ्फरपुर में दोनों मामलों को जोड़ते हुए ज्वाइंट एफआईआर दर्ज की गई है और जांच शुरू कर दी गई है। पहला मामला बरूराज विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 43 का है, जहां मतदान के दिन एक युवक ने वोट डालते समय ईवीएम की तस्वीर अपने मोबाइल फोन से ली और उसे तुरंत अपने फेसबुक अकाउंट पर अपलोड कर दिया।

जांच के दौरान आरोपी की पहचान कमलेश लाल यादव के रूप में हुई है। वहीं, दूसरा मामला सकरा विधानसभा क्षेत्र का है। यहां सादिकपुर मुरौल गांव निवासी सदानंद यादव ने मतदान के दौरान बूथ पर ईवीएम का वीडियो बनाया और अगले दिन यानी 7 नवंबर को उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस घटना के बाद सकरा और मोतीपुर के अंचल अधिकारियों के बयान के आधार पर साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार ने संयुक्त मामला दर्ज किया।

GNSU Admission Open 2026

साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार ने बताया कि ईवीएम की तस्वीर और वीडियो वायरल मामले से जुड़े लिंक को ट्रेस किया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह सामग्री कहां-कहां और किन लोगों के माध्यम से शेयर हुई। उन्होंने कहा कि ईवीएम की फोटो या वीडियो बनाना और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करना निर्वाचन आचार संहिता का गंभीर उल्लंघन है। पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है और दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। गौरतलब है कि इससे पहले 6 नवंबर को साहेबगंज विधानसभा क्षेत्र में भी ईवीएम की तस्वीर वायरल करने के मामले में यदुवंशी अभिषेक नामक युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।






GNSU Admission Open 2026