Home बिहार दानापुर में बड़ा हादसा: छत गिरने से एक ही परिवार के 5...

दानापुर में बड़ा हादसा: छत गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

236
0
Major accident in Danapur: 5 members of the same family died due to roof collapse

पटना: पटना जिले के दानापुर विधानसभा के दियारा क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां अकिलपुर थाना अंतर्गत मानस नयापानापुर 42 पट्टी गांव में रविवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। इंदिरा आवास योजना के तहत बने एक पुराने मकान की छत अचानक गिर गई, जिससे एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में गृहस्वामी बबलू खान (32), उनकी पत्नी रौशन खातून (30), बेटा मो. चांद (10), बेटी रूकशार (12) और सबसे छोटी बेटी चांदनी (2) शामिल हैं। रविवार की रात करीब पौने दस बजे परिवार रोज की तरह खाना खाकर सोने चला गया था। तभी अचानक तेज धमाके की आवाज के साथ घर का छत भरभराकर गिर पड़ा।

गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने दौड़कर मौके पर पहुंचकर मलबे में दबे परिवार को निकालने की कोशिश शुरू की। सूचना मिलते ही अकिलपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। लेकिन जब तक परिवार को बाहर निकाला गया, तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने बताया कि यह मकान इंदिरा आवास योजना के तहत कई साल पहले बनाया गया था। समय के साथ मकान पुराना और जर्जर हो चुका था। हाल की बारिश और नमी से दीवारें कमजोर पड़ गई थीं और छत में पहले से दरारें आ गई थीं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार उसकी मरम्मत नहीं करा सका। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे कई इंदिरा आवास के मकान अब जर्जर हो चुके हैं, जिनकी जांच जरूरी है। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

GNSU Admission Open 2026

थानाध्यक्ष विनोद ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। पश्चिम चंपारण जिले के बगहा दो प्रखंड के सीधाव स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालय का छज्जा गिरने से रविवार को तीन किशोर घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों युवक विद्यालय परिसर में खेल रहे थे, तभी अचानक छज्जा गिर गया और वे उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल बगहा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक किशोर को बेहतर इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान प्रिंस कुमार और हरेराम के रूप में हुई है, जबकि तीसरे घायल की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

GNSU Admission Open 2026