Home बिहार पटना से मुजफ्फरपुर तक लगी भीषण आग, वर्कशॉप-गोदाम जलकर राख, लाखों का...

पटना से मुजफ्फरपुर तक लगी भीषण आग, वर्कशॉप-गोदाम जलकर राख, लाखों का नुकसान

347
0
A massive fire broke out from Patna to Muzaffarpur, burning workshops and warehouses, causing losses worth lakhs.

पटना/मुजफ्फरपुर: राजधानी पटना के पॉश इलाके पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार रात करीब 10 बजे टाटा मोटर्स के वर्कशॉप में अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय वर्कशॉप बंद था। अचानक उठे धुएं और आग की तेज लपटों को देखकर आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस अगलगी की घटना में दो कारें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि कई अन्य वाहनों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। लोदीपुर फायर स्टेशन इंचार्ज अजीत कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। फिलहाल जांच जारी है। समय पर दमकल की टीम पहुंच जाने से आग के फैलने से बड़ा नुकसान टल गया। मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के मीना बाजार स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक शॉप के गोदाम में देर रात भीषण आग लग गई।

आग लगने की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोग आग देखकर घबरा गए और खुद से आग बुझाने की कोशिश में जुट गए, लेकिन आग ने तेज़ रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरी तरह भीषण हो गई। दुकान बंद होने के कारण अंदर से आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखे कई सामान जलकर खाक हो गए। क्षति का आकलन किया जा रहा है। आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। साहेबगंज नगर परिषद बाजार के मीना बाजार के सामने लगी आग की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और व्यापारियों की भीड़ उमड़ पड़ी। आनन-फानन में बिजली की सप्लाई काटी गई, ताकि बड़ा हादसा न हो। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पश्चिम क्षेत्र का सबसे बड़ा बाजार है और अब नगर परिषद क्षेत्र में आता है, लेकिन यहां अग्निशमन विभाग की बड़ी गाड़ियां उपलब्ध नहीं हैं। किसी बड़े हादसे की स्थिति में दूसरे इलाकों से गाड़ी बुलानी पड़ती है। जहां आग लगी, उसके सामने कई दुकानें हैं।

GNSU Admission Open 2026

अगर आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो यह कई दुकानों को अपनी चपेट में ले सकती थी। आग बुझाने में स्थानीय लोगों की भी मदद ली गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर अग्निशमन विभाग की टीम समय पर पहुंच जाती, तो नुकसान कम हो सकता था। इस घटना में इलेक्ट्रॉनिक शॉप के मालिक विक्की कुमार ने बताया कि उन्होंने शाम को दुकान बंद कर दी थी। दुकान के ऊपर वाले हिस्से में गोदाम था, जिसमें दिवाली और अन्य त्योहारों के लिए सामान का स्टॉक रखा गया था। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट ही प्रतीत हो रहा है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का सही अनुमान लगाया जा सकेगा। फायरमैन ने बताया कि देर रात इलेक्ट्रॉनिक शॉप के गोदाम में आग लगी थी। मौके पर पहुंचकर टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बाहर से दरवाजा तोड़कर बुझाई गई। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। पटना जिले के विक्रम थाना क्षेत्र अंतर्गत नया पुल बिक्रम के पास स्थित यूनियन बैंक के सामने एक हार्डवेयर दुकान में शनिवार रात अचानक आग लग गई।

आग की भयावह लपटों को देखकर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। आग लगने के कारण पूरे मार्केट और बैंक में भी आग फैलने की संभावना बढ़ गई। लोगों ने तुरंत स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। हालांकि, इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। बताया जाता है कि देर रात दुकान बंद थी, और अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग धीरे-धीरे विकराल रूप लेती गई, जिससे आसपास के लोग भयभीत हो उठे। हार्डवेयर दुकान के पास स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा में आग लगने की संभावना बढ़ने लगी थी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद विक्रम पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुकानदार दुकान बंद कर घर चले गए थे। कुछ देर बाद अंदर से आग लगनी शुरू हुई और थोड़ी ही देर में उसने पूरा गोदाम अपनी चपेट में ले लिया। लोगों ने आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया है। फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।






GNSU Admission Open 2026