शिवहर: शिवहर जिले के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक रहा। स्थानीय गांधीनगर भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत जिले की 58,000 महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि का सीधा अंतरण किया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार सिन्हा सहित कई नेता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े।
प्रभारी मंत्री मोतीलाल प्रसाद ने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने कहा कि जिले की महिलाएं इस सहायता राशि से अपने पसंदीदा रोजगार की शुरुआत कर सकेंगी। जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने जानकारी दी कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक परिवार की एक महिला को 10,000 रुपये की प्रारंभिक सहायता दी जा रही है। आगे रोजगार के विस्तार पर आकलन कर दो लाख रुपये तक अतिरिक्त वित्तीय मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
साथ ही, प्रशिक्षण और उत्पाद की बिक्री के लिए ग्रामीण से शहरी क्षेत्रों तक बाजार विकसित करने की व्यवस्था भी होगी। डीएम ने स्पष्ट किया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को रोजगार और उद्यमिता से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। जीविका और स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भूमिका से महिलाओं के उद्यम को नई दिशा मिलेगी और शिवहर जिला आर्थिक रूप से सशक्त होगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर उप विकास आयुक्त ब्रजेश कुमार, एडीएम मेधावी, एसडीएम अविनाश कुणाल, डीपीआरओ अनुराग कुमार रवि, डीपीएम अभिनव प्रिये सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।







