बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एनडीए कार्यकर्ता संवाद के संबोधन में कहा कि बिहार अब बदल चुका है और बदले हुए बिहार में आपके पास सिर्फ दो रास्ते हैं। एक तरफ नीतीश कुमार हैं और दूसरी तरफ लालू प्रसाद। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद ने बिहार के विकास के लिए कोई काम नहीं किया, लेकिन नीतीश कुमार ने विकास की बदौलत बिहार को बदल दिया है। पहले बिहार में 17 लाख लोगों का बिजली कनेक्शन था, लेकिन आज 2 करोड़ 14 लाख लोगों के पास बिजली कनेक्शन है और 1 करोड़ 70 लाख लोगों का बिजली बिल जीरो आता है। उन्होंने लोगों से बदलते भारत में योगदान देने का भी आग्रह किया।
राहुल गांधी पर बोला हमला

सम्राट चौधरी ने गांधी परिवार को भी निशाने पर लिया और कहा कि इन्होंने 55 साल तक देश के लिए कुछ नहीं किया। आज राहुल गांधी एसआईआर के मुद्दे पर लोगों को भ्रमित कर लोकतंत्र को खतरे में बता रहे हैं, जबकि इन लोगों ने हीं देश में इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र को खतरे में डाला था और उस वक्त नीतीश कुमार भी जेल में बंद थे। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार के गरीबों की चिंता कोई नहीं करता था, लेकिन एनडीए की सरकार बनी तो बिहार में लोगों को आरक्षण, रोजगार, आवास, शौचालय, नौकरी, शिक्षा सहित सभी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। अंत में उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि बिहार के एक-एक सीट से एनडीए को जीत दिलाकर एक बार फिर नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाना है।







