मोतिहारी: मोतिहारी के मझौलिया एनएच 28 क्षेत्र में एक दुखद सड़क हादसा हुआ, जिसमें 70 वर्षीय उदय शंकर सिंह की मौत हो गई। मृतक रिटायर्ड आर्मी पर्सन थे और बापूधाम जिले के रहने वाले थे। वर्तमान में वह सदर थाना क्षेत्र के भीखनपुर में रहते थे। घटना उनके नातिन के जन्मदिन की पार्टी के बाद हुई। बताया गया कि उदय शंकर सिंह यू बी टावर मझौलिया चौक पर बर्थडे पार्टी में शामिल होने के बाद घर के बाहर टहल रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि देर शाम भोजन के बाद वह टहलने गए थे, लेकिन जब काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो बाहर जाकर उन्हें मृत पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी।
सदर थाना की पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि दुर्घटना किस वाहन की वजह से और कैसे हुई।







