
मुजफ्फरपुर: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत हाटा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार परिवार को तेज रफ्तार हाईवा ने टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार बेचू शर्मा, उनकी पत्नी गांगी देवी और बेटी अर्चना कुमारी घायल हुए। मौके पर ही पत्नी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बेचू शर्मा अपनी पत्नी और बेटी को लेकर ग्राम सौखरा से थाना चांद स्थित अपने घर लौट रहे थे।
सतौना पुल के समीप तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी और बाइक को कुचलते हुए आगे बढ़ने का प्रयास किया। घायल बेचू शर्मा और अर्चना कुमारी को गंभीर चोटें आई हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर के डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर किया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने हाटा-चकिया मार्ग को तीन घंटे तक जाम कर दिया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर प्रशासन मौके पर पहुंचा। परिजनों ने प्रशासन की बात नहीं मानी, जिसके बाद जिले के एएसपी, डीएसपी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और नगर पंचायत हाटा के चेयरमैन रमेंश जायसवाल सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। मृतक के शव को सदर अस्पताल भभुआ भेजकर अंतपरीक्षण की कार्रवाई की गई।






