
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर चौक के पास हाजीपुर-मुजफ्फरपुर डाउन लाइन पर सोमवार सुबह दो युवतियों की लाश मिली। आशंका जताई जा रही है कि दोनों की मौत ट्रेन से कटकर हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। मृतक युवतियां आपस में सगी बहनें थीं और पटना जिले के दानापुर की रहने वाली बताई गई हैं।
पुलिस को मौके से उनका बैग, लैपटॉप, मोबाइल फोन और नाश्ते का टिफिन मिला है। जानकारी के अनुसार बड़ी बहन स्वाति कुमारी (27 वर्ष) केनरा बैंक में पीओ के पद पर कार्यरत थीं, जबकि छोटी बहन सुरुचि (25 वर्ष) एसबीआई में क्लर्क के पद पर कार्यरत थीं। एक बहन केनरा बैंक की अधिकारी और दूसरी स्टेट बैंक में क्लर्क थीं। बैंक अधिकारी के पति रक्षा मंत्रालय में दिल्ली में अधिकारी हैं। उन्हीं के कॉल से महिला की पहचान हुई। पुलिस ने मोबाइल फोन से दोनों की पहचान की और परिजनों को सूचना दी। बताया जा रहा है कि दोनों बहनें रोजाना दानापुर से मुजफ्फरपुर इंटरसिटी ट्रेन से ड्यूटी करने आती-जाती थीं। जानकारी के मुताबिक, स्वाति की शादी इसी वर्ष फरवरी में मधुबनी जिले में हुई थी।
उनके पति दिल्ली में डिफेंस विभाग में पदस्थापित हैं। घटना स्थल पर जांच के दौरान एक बहन के कान में इयरफोन लगा मिला। हादसे के करीब आधे घंटे बाद स्वाति के मोबाइल पर उनके पति का कॉल आया। फोन पुलिस ने रिसीव किया और इसके बाद दोनों की पहचान हो सकी। घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। स्थानीय निवासी मोहम्मद नौशाद आलम ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे रेलवे ट्रैक पर दोनों की लाश मिली थी। पहले पहचान नहीं हो सकी थी, बाद में मोबाइल से जानकारी मिली कि दोनों दानापुर से मुजफ्फरपुर आ रही थीं। यह घटना बेहद ही दुखद और मर्माहत करने वाली है।






