बेगूसराय: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने शनिवार को बेगूसराय में विपक्षी दल राजद और कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने विपक्ष की तुलना ‘असुर प्रवृत्ति’ से करते हुए कहा कि ऐसे लोगों का अंत निश्चित है। वहीं, उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर ‘धृतराष्ट्र’ बनकर पुत्र मोह में बिहार को बर्बाद करने का आरोप लगाया। विजय सिन्हा ने सुबह सिमरिया गंगा धाम में स्नान कर गंगाजल लिया और अशोक धाम में रुद्राभिषेक के लिए रवाना हुए।
उन्होंने अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर को विशेष बताते हुए कहा कि इसी दिन समुद्र मंथन हुआ था और लक्ष्मी जी का प्रकटीकरण हुआ था। इस दौरान हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सनातन संस्कृति चर-अचर सभी का सम्मान करती है, जबकि विपक्ष शक्ति का अपमान करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि ‘असुर प्रवृत्ति’ वाले लोगों का नाश शक्ति स्वयं करती है। उन्होंने पीएम मोदी की मां को गाली देने और कांग्रेस द्वारा बिहार की तुलना केरल से करने को विपक्ष की नकारात्मक मानसिकता बताया।
लालू प्रसाद यादव के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि बिहार को गाली देने और बिहारियों को पलायन करने के लिए मजबूर करने वाले अब राजनीतिक जीवन के अंतिम चरण में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू यादव पुत्र मोह में सामाजिक सौहार्द तोड़ने और बिहार को फिर से अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बिहार अब यह स्वीकार नहीं करेगा। विजय सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को विकसित बनाने का जो संकल्प लिया है, वह साकार होगा। महालक्ष्मी अमृत महोत्सव के मौके पर बिहार समृद्धि की ओर बढ़ेगा।







