
मधुबनी: मधुबनी के अरेर थाना क्षेत्र के डुमरा गांव में मंगलवार को एक बार फिर नवविवाहिता महिला की संदिग्ध मौत हो गई। मृतका की पहचान 19 वर्षीय शांति देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शांति देवी ने गांव के ही राहुल पासवान नामक युवक से 3 साल पहले प्रेम विवाह किया था। पति 10 दिन पहले अहमदाबाद से घर आया था।
बीते तीन वर्षों में अक्सर दोनों के बीच झगड़ा होता था। सोमवार को भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मृतका की सास ने बताया कि मंगलवार को बहू ने पेट दर्द की शिकायत की थी। उसने दवाई की पूरी बोतल पी ली थी। इसके बाद परिजन उसे सुबह बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुँचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शांति देवी का एक साल का बेटा है और वह सात माह की गर्भवती भी थी।
अस्पताल से परिजन उसका शव लेकर डुमरा स्थित घर ले आए। शाम को अरेर थाना पुलिस को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद थानाध्यक्ष आनंद शंकर गौरव पुलिस दल के साथ मौके पर पहुँचे और घटना की जानकारी ली। एफएसएल की टीम का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।






