
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। साहेबगंज प्रखंड के मध्य विद्यालय भलूई खान के प्रधानाध्यापक सूरज कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह कहते दिख रहे हैं कि “मेरे स्कूल में अगर डीएम भी आएं तो उन्हें मेरी परमिशन लेनी होगी।”
बताया जा रहा है कि यह वीडियो दो दिन पुराना है और उस वक्त स्कूल के बच्चे भी मौके पर मौजूद थे। प्रधानाध्यापक के इस बयान को शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला और अधिकारियों के खिलाफ धौंस जमाने वाला बताया जा रहा है। दरअसल, राज्य सरकार ने स्कूलों की पारदर्शिता और निगरानी के लिए प्रखंड स्तर पर 20 सूत्री समिति का गठन किया था। इसी कड़ी में समिति के अध्यक्ष मनी रोशन सिंह जब स्कूल निरीक्षण के लिए पहुंचे तो प्रधानाध्यापक सूरज कुमार से उनकी तीखी बहस हो गई।
मामला इतना बढ़ा कि गाली-गलौज और आरोप-प्रत्यारोप तक पहुँच गया। वायरल वीडियो में एक ओर समिति अध्यक्ष भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने लाते दिखे, तो दूसरी ओर प्रधानाध्यापक अपने ‘नियम-कानून’ और ताकत का खुलेआम ऐलान करते नजर आए। अब यह वीडियो न केवल शिक्षा व्यवस्था की लापरवाही उजागर कर रहा है बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था की गंभीरता पर भी सवाल खड़े कर रहा है।






