पूर्णिया: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान रविवार को एक अप्रत्याशित घटना सामने आई, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। यात्रा के आठवें दिन राहुल गांधी जब बुलेट बाइक चला रहे थे, तभी एक युवक अचानक उनके बेहद करीब पहुंच गया और उन्हें किस कर लिया। यह घटना पूर्णिया-अररिया रोड पर जलालगढ़ ब्लॉक के पास हुई।
राहुल गांधी की बाइक पर पीछे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम बैठे थे। सड़क किनारे बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे। जैसे ही राहुल गांधी की बाइक भीड़ के पास से गुजरी, एक युवक अचानक आगे आ गया और उनके गाल पर किस कर दिया। अचानक हुई इस घटना से राहुल गांधी कुछ क्षण के लिए अचंभित रह गए। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए युवक को भीड़ से खींचकर दूर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक को सुरक्षा कर्मियों ने धक्का देकर नियंत्रित किया, ताकि वह दोबारा पास न आ सके। इस घटना को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
कुछ लोग इसे राहुल गांधी के प्रति समर्थकों के उत्साह और लगाव का उदाहरण मान रहे हैं, वहीं सुरक्षा विशेषज्ञ इसे गंभीर चूक बता रहे हैं। खासकर ऐसे समय में, जब राहुल गांधी को विशेष सुरक्षा प्राप्त है, किसी व्यक्ति का अचानक इस तरह नजदीक पहुंच जाना सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती है। उल्लेखनीय है कि इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ तेजस्वी यादव, मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। घटना के बाद पूरे दिन यह मामला राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना रहा।







