पूर्णिया: पूर्णिया के धमदाहा थाना क्षेत्र के अमारी गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर शुक्रवार को एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राजघाट गैरेल निवासी रिशु कुमार (21) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक, रिशु का अमारी गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
बुधवार सुबह युवती ने फोन कर रिशु को अपने घर बुलाया। जैसे ही वह बाइक से वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे युवती के परिजन प्रकाश सहनी, बिट्टू और उनके सहयोगियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रिशु को पहले पूर्णिया अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत नाजुक होने पर पटना रेफर किया गया। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को शव गांव पहुंचने पर कोहराम मच गया।
इस बीच पूर्व विधायक दिलीप कुमार यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। धमदाहा थाने के प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने एक आरोपी मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश में छापेमारी जारी है।







