पश्चिमी चंपारण: पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर प्रखंड से बड़ी खबर सामने आई है। खैरहनी गांव में मंगलवार सुबह एक बाघ ने खेत में काम कर रहे बुजुर्ग किसान पर हमला कर उसकी जान ले ली। इस दौरान मौके पर पहुंचे एक वनकर्मी पर भी बाघ ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, खैरहनी गांव निवासी 65 वर्षीय मथुरा महतो सुबह अपने खेत में काम कर रहे थे।
इसी बीच जंगल की ओर से आया एक बाघ, जो पहले से घात लगाए बैठा था, अचानक उन पर झपटा और हमला कर दिया। बाघ के हमले में मथुरा महतो की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ट्रैकिंग और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंची। इसी दौरान बाघ ने टीम के सदस्य विजय उरांव पर भी हमला कर दिया। उन्हें गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से बाघ क्षेत्र में सक्रिय है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। वे खेतों और जंगल की ओर जाने से परहेज़ कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, बाघ की गतिविधियों पर सख्ती से नजर रखने और उसे आबादी से दूर सुरक्षित क्षेत्र में भेजने की मांग की है। गौरतलब है कि रामनगर वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के बफर जोन से सटा इलाका है, जहां समय-समय पर बाघ और अन्य वन्यजीवों के मानव बस्तियों में प्रवेश की घटनाएं होती रहती हैं। हालांकि, इस तरह की जानलेवा घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। वन विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि टीम लगातार निगरानी कर रही है और बाघ को सुरक्षित क्षेत्र में पहुंचाने की कोशिशें जारी हैं। साथ ही, मृतक के परिवार को मुआवजा देने और घायल वनकर्मी के इलाज का पूरा खर्च उठाने की बात कही गई है।







