Home बिहार स्कूल से लौट रहे छात्र को हाईवा ने कुचला, मौके पर मौत;...

स्कूल से लौट रहे छात्र को हाईवा ने कुचला, मौके पर मौत; तेज रफ्तार का कहर, चालक गिरफ्तार

498
0
A student returning from school was crushed by a truck, died on the spot; high speed wreaked havoc, driver arrested

पटना: पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने एक स्कूली छात्र को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बिक्रम बाजार स्थित एचडीएफसी बैंक के पास हुआ। मृतक की पहचान मसौढ़ा तेलपा गांव निवासी और कक्षा आठवीं के छात्र अविनाश कुमार के रूप में हुई है। प्रतिदिन की तरह अविनाश गुरुवार की सुबह साइकिल से बिक्रम बाजार स्थित एक निजी कोचिंग में पढ़ाई करने गया था।

कोचिंग से लौटते समय तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने उसे पीछे से रौंद दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे छात्र को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद हाईवा ट्रक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने विक्रम-पालीगंज SH-2 मार्ग को कुछ समय के लिए जाम कर दिया। हालांकि, सूचना मिलते ही बिक्रम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटवाया। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

GNSU Admission Open 2026

लोगों का कहना है कि बिक्रम बाजार की दोनों ओर अतिक्रमण फैला हुआ है, जिससे आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर समय रहते अतिक्रमण हटाया गया होता, तो ऐसे हादसे से बचा जा सकता था। बिक्रम थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि एचडीएफसी बैंक के पास हाईवा की चपेट में आकर एक छात्र की मौत हुई है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अविनाश की मौत के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।


GNSU Admission Open 2026