नई दिल्ली: मध्य दिल्ली के करोल बाग इलाके में शुक्रवार को विशाल मेगा मार्ट शोरूम में लगी आग में 25 साल के युवक की मौत हो गई है। शनिवार सुबह उसका शव लिफ्ट के अंदर मिला। मृतक की शिनाख्त धीरेंद्र प्रताप के रूप में हुई है। शुक्रवार शाम यहां आग लगी थी। 15 गाड़ियों की मदद से दमकलकर्मियों ने करीब 12 घंटे में आग पर काबू पाया। पुलिस, अग्निशमन और आपदा प्रतिक्रिया टीमों द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए खोज अभियान के दौरान युवक का शव लिफ्ट में मिला। दमकलकर्मी अभी कूलिंग का काम कर रहे है। करोलबाग थाना पुलिस ने लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, करोल बाग के पदम रोड स्थित विशाल मेगा मार्ट की दूसरी मंजिल पर शुक्रवार शाम अचानक आग लग गई। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के अलावा दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। हालांकि वहां मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। लेकिन एक व्यक्ति इमारत की लिफ्ट में फंस गया। दिल्ली पुलिस के अनुसार, कुमार धीरेंद्र प्रताप सिंह (25) लिफ्ट में फंसे पाए गए। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। करोल बाग थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।







