रोहतास डीएम ने विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, स्मार्ट क्लास और आधुनिक लैब की व्यवस्था पर जताई संतुष्टि
The Rohtas District Magistrate conducted a surprise inspection of the school and expressed satisfaction with the arrangements for smart classrooms and modern laboratories.

सासाराम (रोहतास)। रोहतास के जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने प्रशासनिक टीम के साथ विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना और छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्मार्ट क्लास, आधुनिक प्रयोगशालाओं और शिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया।

निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में डीएम ने कहा कि विद्यालय में नामांकित बच्चों का आत्मविश्वास और सीखने का स्तर बेहतर पाया गया है। विद्यालय में दाखिले के बाद विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।

GNSU Admission Open 2026

स्मार्ट क्लास और आधुनिक प्रयोगशालाओं की सराहना

डीएम ने विद्यालय में संचालित स्मार्ट कक्षाओं की व्यवस्था की सराहना करते हुए बताया कि निर्धारित समय-सारणी के अनुसार नियमित रूप से कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। यहां विद्यार्थियों को प्रायोगिक गतिविधियों और हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग के माध्यम से विषयों की जानकारी दी जाती है।

उन्होंने भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान की प्रयोगशालाओं का भी निरीक्षण किया। सभी प्रयोगशालाओं में आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल रहा है। इससे बच्चों में नई चीजें सीखने की रुचि और बौद्धिक विकास को बढ़ावा मिल रहा है।

अभिभावकों से किया संवाद, बेहतर परीक्षा परिणाम की उम्मीद

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में मौजूद अभिभावकों से भी बातचीत की। अभिभावकों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन और शिक्षकों की कार्यशैली पर संतुष्टि जाहिर की।

डीएम ने उम्मीद जताई कि शिक्षकों के समर्पण, आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों और विद्यार्थियों की मेहनत से आगामी बोर्ड एवं अन्य परीक्षाओं में विद्यालय के छात्र-छात्राएं बेहतर प्रदर्शन करेंगे और जिले का नाम रोशन करेंगे।

निरीक्षण के दौरान शिक्षा विभाग के स्थानीय अधिकारी और सुरक्षा बल के जवान भी मौजूद रहे।