Yogi meets Lalita Gautam's family, announces financial assistance of Rs 5 lakh

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ की दिवंगत दलित छात्रा ललिता गौतम के परिजनों से गाजियाबाद स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अतिथि गृह में मुलाकात कर शोक व्यक्त किया। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले के किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले की विवेचना में यदि किसी स्तर पर लापरवाही बरती गई है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने अभियोजन को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सभी आवश्यक कानूनी कदम उठाने के भी निर्देश दिए।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA


योगी ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पीड़ित परिवार को तत्काल पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने मृतका के पिता तथा परिवार के एक अन्य पात्र सदस्य को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पीड़ित परिवार को आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड और अन्य सभी पात्र सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार को हरसंभव सहायता मिल सके। इस दौरान समाज कल्याण मंत्री एवं मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।