Two dead, three injured as car carrying Shiva devotees collides with truck in Jaunpur

जौनपुर: उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव के पास सोमवार तड़के सड़क किनारे खड़े ट्रक से एक कार की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।


पुलिस सूत्रों के अनुसार उन्नाव जिले के पांच श्रद्धालु कार से वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर अपने घर लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब पांच बजे बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही बक्शा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA


इस दुर्घटना में उन्नाव के आवास विकास कॉलोनी निवासी अखिलेश शुक्ला (30) और अंकित शुक्ला (25) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं शोभित शुक्ला (32), शोभित श्रीवास्तव (26) और संदीप मिश्रा (28) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है।


पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी श्रद्धालु उन्नाव जिले के निवासी थे और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन कर वापस लौट रहे थे।