Tragic road accident in Baghpat: Canter full of devotees overturns, 5 dead including a girl; 27 injured

बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र में बसी और बड़ा गांव टोल के बीच श्रद्धालुओं से भरा कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में एक साल की बच्ची समेत पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, कैंटर में सवार सभी श्रद्धालु बदायूं जिले के उझानी थाना क्षेत्र के अल्हापुर गांव के रहने वाले थे। वे राजस्थान के हनुमानगढ़ स्थित गोगामेड़ी मंदिर (बागड़ धाम) के दर्शन कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। वाहन में क्षमता से अधिक करीब 32 लोग सवार थे।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

पीछे से टक्कर लगने की बात आई सामने

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के अनुसार, शुरुआती जांच में वाहन का टायर फटने की बात सामने आई थी। हालांकि, हादसे में घायल कुंवरपाल और कैंटर चालक ने बताया कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनके कैंटर को टक्कर मार दी। इसके बाद कैंटर कई बार पलट गया।

हादसे के वक्त अधिकांश श्रद्धालु सो रहे थे। अचानक जोरदार टक्कर के बाद वाहन में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात सभी घायलों को खेकड़ा तथा बागपत के अस्पतालों में पहुंचाया।

18 गंभीर घायलों को मेरठ रेफर

जिला अस्पताल के फार्मासिस्ट मुकेश कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से घायल 18 लोगों को बेहतर उपचार के लिए मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं तीन घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। अन्य घायलों को भी चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

हादसे की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के समुचित और निःशुल्क इलाज के निर्देश दिए हैं।

पुलिस मृतकों की पहचान की प्रक्रिया में जुटी है और उनके परिजनों को घटना की सूचना दी जा रही है। हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है। प्रशासन ने प्रभावित लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9454417383 जारी किया है।