Youth goes missing after beating, family members block road and create ruckus

मधेपुरा: मधेपुरा जिले के घैलाढ़ ओपी क्षेत्र अंतर्गत श्रीनगर वार्ड संख्या छह में एक युवक की बेरहमी से पिटाई के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। युवक की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने घैलाढ़ मुख्य चौराहे को करीब एक घंटे तक जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में एएसपी प्रवेंद्र भारती के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया। जानकारी के अनुसार श्रीनगर गांव निवासी बिदन सादा के पुत्र सुधीर सादा 13 मई की शाम घरेलू सामान खरीदने के लिए घैलाढ़ बाजार गए थे।

आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही दिलीप मंडल, दीपक मंडल, रोहित मंडल, विजेंद्र मंडल समेत अन्य लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और विजेंद्र मंडल के घर ले गए। वहां सुधीर को बांधकर बेरहमी से पीटा गया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन आरोपी के घर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि वहां मौजूद रोहित मंडल ने सुधीर पर करीब छह महीने पहले घैलाढ़ बाजार से मोटरसाइकिल और मोबाइल चोरी करने का आरोप लगाया और इसी आरोप में उसकी पिटाई की जा रही थी। जब परिजनों ने सुधीर को छुड़ाने का प्रयास किया तो उन्हें डांट-फटकार कर वहां से भगा दिया गया। परिजनों के अनुसार अगले दिन जब वे दोबारा आरोपी के घर पहुंचे तो सुधीर वहां मौजूद नहीं था। इसके बाद युवक के भाई विपिन सादा ने घैलाढ़ ओपी में आवेदन देकर भाई के अपहरण और गायब किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।

GNSU Admission Open 2026

मामले की गंभीरता को देखते हुए घैलाढ़ ओपी अध्यक्ष ज्योतिष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूछताछ के लिए दीपक मंडल को हिरासत में लिया। हालांकि शुक्रवार तक युवक का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने घैलाढ़ मुख्य चौराहे को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और टायर जलाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलते ही एएसपी प्रवेंद्र भारती मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और युवक की जल्द बरामदगी का भरोसा दिलाया। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। एएसपी ने बताया कि मामले की जांच टेक्निकल सेल की मदद से की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।