औरंगाबाद: जमीनी विवाद को लेकर एक बेटे ने अपने ही पिता और सगे बड़े भाई पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली दोनों के पास से गुजर गई और उनकी जान बच गई। घटना के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। ओबरा थाना अध्यक्ष नीतिश कुमार ने शनिवार दोपहर बताया कि ओबरा के पूर्व प्रमुख लालदेव सिंह के बड़े बेटे अमित कुमार ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई अजीत कुमार हत्या की नीयत से उन पर और उनके पिता पर गोली चला रहा है।
दोनों किसी तरह उससे बचते हुए इधर-उधर भाग रहे थे। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई और तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा गया। वहां पता चला कि अजीत कुमार फायरिंग करने के बाद अपने चार पहिया वाहन से शंकरपुर की ओर भाग गया है। इसके बाद आसपास के थानों को अलर्ट किया गया और सघन छापेमारी शुरू की गई। छापेमारी के दौरान जम्होर थाना क्षेत्र के हरनाही पुल के पास आरोपी पुलिस को देखकर गाड़ी से कूदकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल और दो फायर किए हुए खोखा बरामद हुए।
पुलिस ने हथियार को जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसका थार वाहन भी जब्त कर लिया गया। ओबरा थाना में भादंवि की संबंधित धाराओं के तहत केस संख्या 157/26 दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि जमीनी विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी पर पहले से आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें ओबरा थाना के केस संख्या 164/18, 300/19, 457/22, 420/22 और गया जिले के आमस थाना का केस संख्या 232/19 शामिल हैं। ज्यादातर मामले मारपीट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े हैं। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।







