सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के उद्देश्य से प्रशासन ने सघन जांच अभियान चलाया। उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो के नेतृत्व में नीमडीह थाना क्षेत्र तथा चांडिल थाना अंतर्गत पाटा टोल प्लाजा के समीप वाहनों की व्यापक जांच की गई। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान विशेष रूप से ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और बिना वैध कागजात के चल रहे वाहनों को निशाने पर लिया गया। मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल ₹1,04,650 का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने नियम तोड़ने वाले चालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपना रहा है। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए आगे भी नियमित जांच अभियान चलाए जाएंगे और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। जांच के दौरान वाहन चालकों को अनधिकृत एवं अतिरिक्त लाइट्स के उपयोग से बचने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की सलाह दी गई। प्रशासन ने साफ किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान में जिला परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य सदस्य भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे, जिससे अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया जा सका।







