रोहतास। जिले के करगहर थाना क्षेत्र के डूंगरा गांव में जनार्दन तिवारी उर्फ बच्चा तिवारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी ओमप्रकाश शर्मा उर्फ नन्हू को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले पुलिस इस हत्याकांड में दो अन्य आरोपियों शंभू शर्मा और गुड्डू शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना से मिली सफलता
रोहतास के पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी ओमप्रकाश शर्मा उर्फ नन्हू को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है।
20 अक्टूबर को हुई थी हत्या
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को करगहर थाना क्षेत्र के डूंगरा गांव में आपसी विवाद के दौरान मारपीट की घटना हुई थी। इसी दौरान जनार्दन तिवारी उर्फ बच्चा तिवारी की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले को लेकर करगहर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
विधायक ने की थी जल्द सजा दिलाने की मांग
इस हत्याकांड को लेकर करगहर के विधायक बशिष्ठ सिंह ने भी पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज से मुलाकात की थी। विधायक ने मामले में स्पीडी ट्रायल चलाने और आरोपियों को जल्द सजा दिलाने की मांग की थी। उन्होंने मामले में त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया था।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की जांच में अहम सफलता माना जा रहा है। अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।







