सासाराम/रोहतास: गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना(एनएसएस) इकाई–एक द्वारा जल महोत्सव के अंतर्गत रोहतास जिला स्थित अमरा तालाब परिसर में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का भव्य और सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनएसएस के स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया तथा तालाब के चारों ओर फैले कचरे की व्यापक सफाई कर क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का सराहनीय प्रयास किया स्वयंसेवकों ने न सिर्फ तालाब के किनारों से कचरा हटाया, बल्कि पूरे परिसर को साफ-सुथरा बनाकर यह संदेश दिया कि जल स्रोतों की स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सफाई अभियान के दौरान एनएसएस के छात्र-छात्राएं लगातार नारे लगाकर लोगों को जागरूक करते नजर आए— “स्वच्छ जल, स्वस्थ कल””तालाब बचाओ, जीवन बचाओ”। “कचरा नहीं, जागरूकता फैलाओ”सफाई कार्य पूर्ण होने के बाद स्वयंसेवकों ने तालाब में मौजूद मछलियों को भोजन भी कराया, जिससे पर्यावरण के प्रति उनकी संवेदनशीलता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। इस दौरान वहां मौजूद आम लोगों से अपील की गई कि वे तालाब या किसी भी जल स्रोत में कचरा न डालें और स्वच्छता बनाए रखने में अपना सक्रिय योगदान दें। स्वयंसेवकों ने लोगों को बताया कि जल प्रदूषण के कारण जलीय जीवों का अस्तित्व खतरे में पड़ जाता है, जिसका सीधा असर पर्यावरण और मानव जीवन पर पड़ता है।
उन्होंने स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षित जीवनशैली अपनाने का भी संदेश दिया। इस अवसर पर एनएसएस इकाई–एक के कार्यक्रम अधिकारी श्री मोहित कुमार, विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक वेदान्त कुमार प्रजापति तथा द्वितीय कार्यक्रम अधिकारी आशीष कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनएसएस के स्वयंसेवकों ने भाग लिया और पूरे समर्पण के साथ इसे सफल बनाया। यह अभियान न सिर्फ स्वच्छता का संदेश देने में सफल रहा, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक मजबूत पहल साबित हुआ।







