सासाराम/चेनारी। चेनारी विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज की पूर्व प्रत्याशी और वर्तमान जिला पार्षद नेहा नटराज ने अपने रिश्तेदार पप्पू नटराज पर जानलेवा हमले, मारपीट और बार-बार जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। नेहा नटराज ने रोहतास के पुलिस अधीक्षक और स्थानीय थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर मामले में कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
नेहा नटराज का कहना है कि चुनाव के बाद से उन्हें और उनके परिवार को कथित तौर पर लगातार मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अपने पति, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका आरोप है कि उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पप्पू नटराज को जिम्मेदार माना जाना चाहिए।
उन्होंने एक कथित घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके घर के सामने शाम के समय पप्पू नटराज ने उनके पति पर पिस्टल तान दी। नेहा नटराज के अनुसार, घटना का मोबाइल से वीडियो बनाने का प्रयास किया गया तो आरोपी ने हथियार छिपा लिया और इसके बाद ईंट-पत्थर चलाए। उन्होंने दावा किया कि घटना के समय आसपास कई लोग मौजूद थे, जो प्रत्यक्षदर्शी हैं।
नेहा नटराज ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले उनके पति के साथ मारपीट की घटना हो चुकी है और उनकी गाड़ी भी जब्त कराई गई थी। उन्होंने पूरे मामले को चुनावी रंजिश और कथित आर्थिक विवाद से जोड़ते हुए कहा कि उनसे लगातार पैसों की मांग की जा रही है। उनका दावा है कि रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी गई।
नेहा नटराज के मुताबिक, उन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान अपनी निजी पूंजी और जमीन बेचकर चुनावी खर्च उठाया था। इसके बावजूद उन पर कथित तौर पर कर्ज का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपों के आधार पर उचित कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







