आग बुझाने में लगी वन एवं दमकल विभाग की टीम
सासाराम (रोहतास)। रोहतास जिले के दरिगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बुढन पहाड़ी पर बुधवार की देर शाम भीषण आग लग गई। दरअसल गर्मी के मौसम में सूखी घास व झाड़ियों के कारण आग ने देखते हीं देखते विकराल रूप धारण कर लिया है और आग की लपटें व धुएं को कई किलोमीटर दूर से हीं आसमान में साफ देखा जा सकता है। फिलहाल पर्यटक की लापरवाही से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
बता दें कि गर्मी के मौसम में पहाड़ों पर सूखी पत्तियों और झाड़ियों में आग तेजी से बढ़ रही है। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार रात के अंधेरे में पहाड़ी पर धधकती आग ज्वालामुखी जैसी प्रतीत हो रही है और इससे वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते हीं मौके पर पहुंची वन विभाग और अग्निशमन विभाग की टीम आग को नियंत्रित करने में जुट गई है। हालांकि दुर्गम रास्तों के कारण दमकल की गाड़ियों को परेशानी हो रही है, लेकिन फिर भी आग को बुझाने के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है।
रोहतास डीएफओ स्टालिन फीडल के कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आग पर काबू पाने के लिए वन रक्षकों और दमकल विभाग की संयुक्त टीम मौके पर तैनात है। मानवीय लापरवाही की आशंका जताते हुए उन्होंने कहा कि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और प्रशासन आग को नियंत्रित कर वन संपदा को बचाने में जुटी है।







