Home झारखण्ड रांची के आड्रे हाउस में सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला आज...

रांची के आड्रे हाउस में सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला आज से शुरू

141
0
रांची के आड्रे हाउस में सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला आज से शुरू

रांची: झारखंड की राजधानी रांची स्थित आड्रे हाउस में एक से तीन मई तक तीन दिवसीय सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक आम लोगों के लिए नि:शुल्क प्रवेश रहेगा। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह आयोजन कला, संस्कृति और स्वदेशी उत्पादों के अनूठे संगम का प्रतीक होगा। महोत्सव में झारखंड की लोक संस्कृति, हस्तशिल्प, पारंपरिक खानपान और मोटे अनाज से बने उत्पाद मुख्य आकर्षण होंगे। स्वदेशी मेले में 125 स्टॉलधारकों को नि:शुल्क स्टॉल उपलब्ध कराया गया है, जहां सोहराय पेंटिंग, हस्तनिर्मित खिलौने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा मोटे अनाज से बने चॉकलेट, केक और बिस्किट भी लोगों को आकर्षित करेंगे। महोत्सव के दौरान बच्चों की पेंटिंग प्रदर्शनी भी खास आकर्षण का केंद्र रहेगी, जिसका विषय “ऑपरेशन सिंदूर” रखा गया है। इसमें बच्चों ने सैन्य बलों की शौर्यगाथा को अपने चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया है। साथ ही स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के बीच विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। हर दिन शाम 6 बजे से देशभर के कलाकार तीन अलग-अलग मंचों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। एक मई को सुबह 11 बजे मेले का शुभारंभ और शाम 5 बजे औपचारिक उद्घाटन होगा। उद्घाटन समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। तीनों दिनों तक गरबा, छऊ, बिहू, झूमर और जनजातीय लोक नृत्य जैसे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण होंगे।

GNSU Admission Open 2026