लोहरदगा जिले में नेशनल हाईवे-39 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना कुड़ू-रांची मुख्य मार्ग पर थाना क्षेत्र के ढुलुवाखुंटा के पास हुई, जहां तेज रफ्तार मालवाहक वाहन और स्कूटी के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरकारी शराब लदी 407 मालवाहक गाड़ी रांची की ओर से कुड़ू की दिशा में जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक स्कूटी को उसने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में कुल पांच लोगों के घायल होने की भी सूचना है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायल महिला को तत्काल लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। दुर्घटना में एक कार समेत तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम हटाकर यातायात बहाल कराया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।







