सरायकेला: मुरुप स्थित अर्जुन लाइब्रेरी जर्जर, मरम्मत की उठी मांग

सरायकेला-खरसावां जिले के मुरुप गांव स्थित अर्जुन लाइब्रेरी इन दिनों अपनी बदहाल स्थिति को लेकर चर्चा में है। वर्ष 2001 में तत्कालीन विधायक अर्जुन मुंडा के विधायक निधि से निर्मित इस पुस्तकालय भवन की हालत मरम्मत के अभाव में जर्जर हो चुकी है। वर्षों से इसकी न तो रंगाई-पुताई हुई है और न ही किसी प्रकार का जीर्णोद्धार, जिससे भवन उपयोग के लिहाज से असुरक्षित होता जा रहा है। लाइब्रेरी के अध्यक्ष हेमसागर प्रधान ने बताया कि स्थापना के बाद से अब तक भवन की कोई मरम्मत नहीं कराई गई है। पिछले वर्ष यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों ने श्रमदान कर भवन के अंदरूनी हिस्से की रंगाई की थी, लेकिन अब वह भी खराब हो चुकी है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों से इस ओर ध्यान देने की अपील करते हुए जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। इस लाइब्रेरी का महत्व इस बात से समझा जा सकता है कि मुरुप और आसपास के गांवों के छात्र-छात्राएं यहां नि:शुल्क प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद यहां पढ़ने की परंपरा आज भी जारी है। छात्र यहां जेपीएससी, यूपीएससी, जेएसएससी और रेलवे जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपलब्ध पुस्तकों का उपयोग करते हैं। हे मसागर प्रधान के नेतृत्व में हाल ही में ‘पुस्तक संग्रह अभियान’ चलाया गया, जिसके तहत पुस्तकें और फर्नीचर दान स्वरूप प्राप्त हुए हैं। हालांकि, लाइब्रेरी को अब तक किसी प्रकार का सरकारी अनुदान नहीं मिला है। स्थानीय लोगों और लाइब्रेरी प्रबंधन समिति ने प्रशासन से मांग की है कि इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक केंद्र का शीघ्र जीर्णोद्धार कराया जाए, ताकि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर अध्ययन सुविधा मिल सके और उनका भविष्य संवर सके।

GNSU Admission Open 2026