मोहनिया (कैमूर) भीषण गर्मी के बीच अंतरराज्यीय बस स्टैंड मोहनिया में यात्रियों को राहत देने के लिए लगाया गया निःशुल्क पेयजल केंद्र अब महज शोभा की वस्तु बनकर रह गया है। जिला परिषद द्वारा लगाए गए बैनर तो जगह-जगह नजर आ रहे हैं, लेकिन वहां पानी की कोई व्यवस्था नहीं है।
बस स्टैंड पर दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को इस तपती गर्मी में पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कई यात्रियों ने बताया कि बैनर देखकर वे पानी की उम्मीद में पहुंचे, लेकिन वहां न तो टंकी में पानी मिला और न ही कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद था। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से केवल दिखावे के लिए बैनर लगा दिए गए हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
गर्मी के इस मौसम में पानी जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। जिला परिषद अध्यक्ष रिंकी सिंह ने रविवार के दोपहर 12:40 पर फोन पर जानकारी देते हुए कहा कि अधिकारी एग्जाम ड्यूटी में व्यस्त थे इसलिए थोड़ी परेशानी हुई जल्द वहां मिनिरल वाटर की व्यवस्था कराई जा रही है।







